मिर्च के अवैध परिवहन पर सख्ती: बालाघाट मंडी समिति की बड़ी कार्रवाई, 1.98 लाख रुपये वसूले



बालाघाट जिले में सूखी लाल मिर्च के व्यापार में हो रही अनियमितताओं और कर चोरी पर कृषि उपज मंडी समिति बालाघाट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.98 लाख रुपये का मंडी शुल्क एवं जुर्माना वसूल किया है। गर्मी के सीजन में मिर्च की बढ़ती मांग के बीच नागपुर की कलमना मंडी से जिले में भारी मात्रा में सूखी मिर्च की आवक हो रही है, लेकिन इसमें बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी सामने आई है।

जांच में पाया गया कि स्थानीय व्यापारी 220 से 250 रुपये प्रति किलो में मिर्च बेच रहे हैं, जबकि नागपुर मंडी में इसका थोक भाव 140 से 180 रुपये प्रति किलो है। इसके बावजूद व्यापारी कम दर (50 से 90 रुपये प्रति किलो) के बिल पर मिर्च मंगाकर मंडी शुल्क और जीएसटी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही बिल में कम मात्रा दर्शाकर और वाहनों में अधिक माल लोड कर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।

मंडी प्रशासन के अनुसार सूखी मिर्च पर 5 प्रतिशत जीएसटी लागू है और 50 हजार रुपये से अधिक के अंतर्राज्यीय परिवहन के लिए ई-वे बिल अनिवार्य है। लेकिन कई मामलों में कम मूल्य और वजन दर्शाने के कारण ई-वे बिल नहीं बनाया जा रहा, जिससे कर चोरी की आशंका बढ़ रही है।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोपाल सोनी के निर्देशन और तहसीलदार मंजुला महोबिया के मार्गदर्शन में मंडी समिति के उड़नदस्ता दल ने 2 अप्रैल को दो बड़ी कार्रवाइयां कीं। दल ने नागपुर से बालाघाट आ रहे दो ट्रकों (MH40BM0271 और MP50ZJ5379) को पकड़कर जांच की, जिसमें आवश्यक दस्तावेज, बिल और ई-वे बिल नहीं पाए गए।

नियमों के उल्लंघन पर संबंधित व्यापारियों पर पांच गुना मंडी शुल्क और जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान परी ट्रेडर्स से 18,890 रुपये, वैष्णवी ट्रेडर्स से 7,880 रुपये और गणेश किराना बिसोनी से 3,345 रुपये दंड स्वरूप वसूले गए। वहीं वैध बिल पर आए माल पर गुजरात किराना से 4,840 रुपये और जय भवानी ट्रेडर्स से 680 रुपये मंडी शुल्क वसूला गया। इस तरह कुल 35,635 रुपये की वसूली की गई।

पिछले तीन दिनों में जिले की विभिन्न मंडी समितियों ने भी सघन अभियान चलाते हुए कई कार्रवाइयां की हैं। 31 मार्च को वारासिवनी मंडी ने तीन वाहनों से 66,619 रुपये और बालाघाट मंडी ने एक वाहन से 51,500 रुपये वसूले। 1 अप्रैल को कटंगी मंडी ने 29,678 रुपये तथा 2 अप्रैल को वारासिवनी मंडी ने दो वाहनों (MP50ZF5953 और MH40BL5881) से 14,269 रुपये दंड स्वरूप वसूले।

इस कार्रवाई में मंडी सचिव भानेश्वर तुरकर, मंडी निरीक्षक भीमेन्द्र चौधरी, विनोद बंसोड़, उपनिरीक्षक मनोज पटले, वासुदेव बढ़ई, जीवनसिंह कुसरे, दीपशिखा पोचाटे और प्रकाश सोनवाने शामिल रहे।

मंडी प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे वैध बिलों पर ही व्यापार करें और मंडी शुल्क व जीएसटी से बचने के लिए किसी भी प्रकार की हेराफेरी न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.