डोभी विद्युत उपकेंद्र बना परेशानी का केंद्र: रोजाना कटौती से जनता त्रस्त

‘फॉल्ट’ और ‘जम्पर’ का बहाना, ग्रामीणों का आरोप—लापरवाही से बिगड़ा जनजीवन

नरसिंहपुर।
जिले के डोभी विद्युत वितरण केंद्र अंतर्गत लगातार हो रही बिजली कटौती से क्षेत्र के नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रतिदिन बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भी लाइनमैन से संपर्क किया जाता है, तो हर बार “जम्पर उड़ गया” या “कहीं फॉल्ट आ गया है” कहकर मामला टाल दिया जाता है। लेकिन रोज-रोज एक ही तरह के कारण सामने आने से लोगों को संदेह होने लगा है कि कहीं यह लापरवाही का मामला तो नहीं।

इस संबंध में जब डोभी की विद्युत कनिष्ठ अभियंता (JE) से चर्चा की गई, तो उन्होंने भी यही कहा कि “मैं दिखवा रही हूं।” हालांकि, समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि “फॉल्ट” और “जम्पर” के नाम पर नियमित रूप से बिजली कटौती की जा रही है, जिससे किसानों, व्यापारियों और आम जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

वहीं, जब इस मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से संपर्क किया गया, तो उन्होंने भी आश्वासन देते हुए कहा कि “दिखवाता हूं”, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह सिलसिला कब तक जारी रहेगा और जिम्मेदार अधिकारी कब तक केवल आश्वासन देते रहेंगे। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.