रिपोर्टर: विनोद कुमार जैन
स्थान: बक्सवाहा
बक्सवाहा।
नगर के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-12 में मंगलवार को शिक्षा के प्रथम पड़ाव ‘विद्यारंभ’ का आयोजन भावनात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मासूम बच्चों के हाथों में जब पहली बार शिक्षा की डोर सौंपी गई, तो पूरा परिसर उल्लास और उम्मीदों से सराबोर नजर आया।
शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम के तहत 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को औपचारिक रूप से शिक्षा से जोड़ा गया। इस अवसर पर बच्चों को ‘विद्यारंभ प्रमाण पत्र’ प्रदान कर उनके शैक्षणिक जीवन की विधिवत शुरुआत कराई गई।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष किरण सोनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि सेक्टर सुपरवाइजर रितु जैन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की। अतिथियों ने नन्हे बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनें।
इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और आकर्षक रूप दिया। कार्यकर्ता शशिप्रभा जैन, मनीषा जैन, सुनीता जैन, राजकुमारी खटीक, लता पटेल एवं वंदना नामदेव ने अपनी सहायिकाओं प्रभा तिवारी, ललिता सौर, सविता जैन, गौरा देवी सैन, द्रोपती पटेल एवं मीना पटेल के सहयोग से आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर झलकती मुस्कान और अभिभावकों की संतुष्टि ने यह संदेश दिया कि शिक्षा की मजबूत नींव अब आंगनबाड़ी स्तर से ही रखी जा रही है।
