बोरगांव में बायपास का विरोध तेज, बाजार बंद कर ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

प्रस्तावित मार्ग बाजार से गुजरने पर जताई आपत्ति, सुरक्षा और व्यापार पर असर की आशंका

पांढुर्ना, ग्राम बोरगांव के समस्त ग्रामवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा प्रस्तावित बायपास निर्माण के विरोध में कलेक्टर, पांढुर्ना को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बायपास मार्ग में आवश्यक संशोधन करते हुए गांव की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान प्रस्तावित बायपास मार्ग ग्राम के मुख्य बाजार क्षेत्र से होकर गुजर रहा है, जिससे स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके साथ ही बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पूरे ग्राम बोरगांव का बाजार बंद रहा। इस दौरान दुकानदारों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और मांग की कि बायपास मार्ग को गांव से दूर सुरक्षित स्थान से निकाला जाए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बायपास निर्माण इस प्रकार किया जाए, जिससे बाजार, धार्मिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.