अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, प्रशासन ने की अपील—घबराएं नहीं
नागपुर प्रतिनिधि: अनिकेत आग्रे
नागपुर। शहर में इन दिनों पेट्रोल की बिक्री अचानक दोगुनी हो गई है। आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों के कारण लोगों में घबराहट का माहौल बन गया है, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर अपने वाहनों के टैंक फुल करवा रहे हैं।
शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। स्थिति यह है कि सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री में करीब दो गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, मांग में अचानक आए उछाल के कारण सप्लाई पर दबाव जरूर बढ़ा है, लेकिन फिलहाल किसी तरह की कमी नहीं है।
प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए। अधिकारियों ने अपील की है कि जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि अनावश्यक भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।
पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
