अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 112 लीटर ईंधन जब्त


बालाघाट। कलेक्टर मृणाल मीना के आदेश के परिपालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बालाघाट गोपाल सोनी के निर्देशन में जिले में अवैध पेट्रोल-डीजल भंडारण एवं विक्रय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। संयुक्त जांच दल ने विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर कुल 112 लीटर पेट्रोल-डीजल जब्त किया है।

कार्रवाई में तहसीलदार बालाघाट सुनील वर्मा, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पहल सिंह बलाड़ी एवं थाना प्रभारी भरवेली भूपेन्द्र पन्द्रो शामिल रहे। टीम ने टेकाड़ी स्थित सांईनाथ होटल (खुमेश बाहेश्वर) से 71 लीटर डीजल बरामद किया। वहीं पीपरटोला में नीलेश नागेश्वर के किराना स्टोर से 20 लीटर पेट्रोल एवं 20 लीटर डीजल तथा भरवेली में साहिद खान के पानठेला से 2 लीटर पेट्रोल जब्त किया गया।

जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में पेट्रोल-डीजल के संग्रहण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। साथ ही होटल, किराना और पानठेला संचालन के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक पंजीयन एवं लाइसेंस भी अनुपस्थित मिले।

तहसीलदार द्वारा जब्त 22 लीटर पेट्रोल एवं 90 लीटर डीजल को थाना भरवेली में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित संचालकों के खिलाफ मोटर स्पिरिट एवं उच्च वेग डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश 2005 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।

प्रशासन द्वारा प्रकरण को अग्रिम कार्रवाई हेतु न्यायालय कलेक्टर, बालाघाट में प्रस्तुत किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध ईंधन भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.