तहसीलदार के आदेश के बाद भी नहीं हटाया कब्जा, पीड़ित महिला ने कलेक्टर से लगाई गुहार


संवाददाता - अतुल नेमा 

नरसिंहपुर। जिले के करेली तहसील अंतर्गत ग्राम नानोरी की एक महिला ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए कलेक्टर से गुहार लगाई है। पीड़ित महिला का आरोप है कि तहसीलदार के आदेश के बावजूद आरोपियों ने दोबारा जमीन पर कब्जा कर लिया और अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

ग्राम नानोरी निवासी सकीना बी पति शेख मुनीर ने कलेक्टर नरसिंहपुर को दिए आवेदन में बताया कि मौजा नानोरी, पटवारी हल्का नंबर 46, तहसील करेली में स्थित खसरा नंबर 138/1 और 140/1 कुल रकबा 0.664 हेक्टेयर भूमि उनके नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज है।

आवेदिका के अनुसार 19 जून 2023 को भूमि का सीमांकन कराया गया था। सीमांकन के दौरान उनकी कुल जमीन में से लगभग 0.080 हेक्टेयर भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा पाया गया।

सकीना बी ने बताया कि अवैध कब्जा हटाने के लिए तहसीलदार करेली की अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस मामले में राजस्व प्रकरण क्रमांक 0017/अ-70/वर्ष 2023-24 में तहसीलदार करेली द्वारा 10 दिसंबर 2024 को आदेश पारित कर आरोपियों को कब्जा हटाकर जमीन खाली कराने के निर्देश दिए गए थे।

आवेदन में बताया गया है कि आदेश के बाद राजस्व निरीक्षक और हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे और जमीन खाली भी कराई गई, लेकिन उनके वापस लौटते ही आरोपियों ने फिर से जमीन पर कब्जा कर लिया। महिला का आरोप है कि आरोपी पक्ष अब जमीन पर जबरन कब्जा किए हुए हैं और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

पीड़िता ने कलेक्टर से मांग की है कि तहसीलदार करेली के आदेश के अनुसार उनकी जमीन से अवैध कब्जा हटाकर उन्हें पुनः कब्जा दिलाया जाए तथा आरोपियों के खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जाए।

इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को भी भेजी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.