नरसिंहपुर। जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र की सालीचौका पुलिस चौकी के खिलाफ एक मजदूर ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। आवेदक सतीश कुमार पारधी, निवासी ग्राम सहाबन टोला, ने आरोप लगाया है कि पुलिस लगातार उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 के झूठे मामले दर्ज कर रही है।
शिकायत में सतीश पारधी ने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके परिवार में पत्नी, छह नाबालिग पुत्रियां और बुजुर्ग माता-पिता हैं, जो उसकी मजदूरी पर ही निर्भर हैं। उसने आरोप लगाया कि उसने कभी शराब का अवैध कारोबार नहीं किया, फिर भी पुलिस उसे अपना “टारगेट” बनाकर बार-बार झूठे मामले दर्ज कर रही है।
आवेदक के अनुसार पुलिसकर्मी उससे कथित रूप से पैसे की मांग भी करते हैं और पैसे नहीं देने पर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज देते हैं। इससे उसे और उसके परिवार को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सतीश पारधी ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि आज तक किसी भी व्यक्ति ने उसके खिलाफ शराब बेचने की लिखित शिकायत नहीं की है, इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई कर रही है। उसने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की जांच कर सालीचौका पुलिस चौकी को झूठे मामले दर्ज करने से रोका जाए ताकि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर सके।
