तेंदूखेड़ा में पुलिस पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी का मुख्य मार्गों से जुलूस निकालकर पेशी

तेंदूखेड़ा में पुलिस पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी का मुख्य मार्गों से जुलूस निकालकर पेशी


तेंदूखेड़ा। नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा नगर में पुलिसकर्मी पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 01 मार्च 2026 को शाम लगभग 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 
01 तेंदूखेड़ा निवासी राजेंद्र नोरिया (पिता मठ्ठूलाल नोरिया) ने गश्त के दौरान ड्यूटी पर तैनात आरक्षक अमन नामदेव पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी के पास धारदार हथियार था और वह नशे की हालत में एक व्यक्ति से विवाद कर रहा था।

112 गश्ती वाहन के दौरान हुआ हमला

आरक्षक अमन नामदेव ने बताया कि वह 112 पुलिस मोबाइल के साथ गश्त पर थे। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए हथियार लहरा रहा है। किसी बड़ी घटना की आशंका को देखते हुए उन्होंने हस्तक्षेप कर रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ, पीठ और कलाई में चोट आई।

थाना प्रभारी बीएल त्यागी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

नगर के मुख्य मार्गों से निकाला गया जुलूस
स्थानीय स्तर पर यह भी देखा गया कि पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी को नगर के मुख्य मार्गों से ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध के प्रति सख्त संदेश देने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई है।
आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने बताया कि मामले में वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है और घायल आरक्षक का उपचार कराया गया है।
संवाददाता: रूप नारायण मेहरा, तेंदूखेड़ा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.