बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर देररात्रि तक तेज आवाज में बज रहे डीजे

बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर देररात्रि तक तेज आवाज में बज रहे डीजे

कलेक्टर के आदेश की खुलेआम अवहेलना

रिपोर्टर: राजाराम साहू
स्थान: घुवारा, जिला छतरपुर

घुवारा नगर सहित पुलिस उपथाना क्षेत्र में इन दिनों देर रात तक तेज आवाज में डीजे संचालन की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का आरोप है कि जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग जारी है, जिससे माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञात हो कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं वर्तमान में संचालित हैं। परीक्षा अवधि में शांत वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर द्वारा देररात्रि डीजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन पर प्रतिबंध संबंधी आदेश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद नगर एवं परीक्षा केंद्रों के आसपास तेज ध्वनि में डीजे बजने की शिकायतें मिल रही हैं।

अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं परीक्षार्थियों ने भी बताया कि तेज आवाज के कारण उनकी एकाग्रता प्रभावित हो रही है।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। कुछ नागरिकों ने पुलिस व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। हालांकि इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

इस मामले में एसडीओपी बड़ामलहरा रोहित सिंह अलावा ने कहा कि देररात्रि डीजे संचालन की जानकारी प्राप्त हुई है। संबंधित चौकी प्रभारी को निर्देशित किया जा रहा है कि ऐसे डीजे संचालकों को चिन्हित कर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

फिलहाल क्षेत्रवासियों और परीक्षार्थियों को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, ताकि परीक्षा अवधि के दौरान शांत वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.