बालाघाट में पंचायत कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, सीईओ को हटाने की मांग तेज

बालाघाट में पंचायत कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, सीईओ को हटाने की मांग तेज

बालाघाट। जिले के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक सराफ की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष जताते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।


विभाग से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से कार्यशैली को लेकर असंतुष्ट थे। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में बालाघाट कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए सीईओ को हटाने की मांग की थी। ज्ञापन में उल्लेख किया गया था कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे।

निर्धारित तिथि तक मांगों पर कोई निर्णय न होने के बाद अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए हैं।

विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि सीईओ द्वारा शाम 6 बजे के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजनाओं की समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं, जो देर रात तक चलती हैं। साथ ही बैठक के दौरान कथित रूप से अभद्र भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगाया गया है।

इसी को लेकर सभी संबंधित संगठनों ने सीईओ को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ की है।

हड़ताल का सीधा असर पंचायतों के कार्यों पर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रशासनिक कार्यों और जनहित सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.