खजुराहो एयरपोर्ट पर CISF बैरक का लोकार्पण, सुरक्षा व्यवस्था हुई और मजबूत

खजुराहो एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ बैरक का लोकार्पण

छत्तरपुर / विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में मंगलवार को एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों के लिए नवीन बैरक का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू तथा खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और बैरक का लोकार्पण किया।

हवाई सेवाओं के विस्तार पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि देश में हवाई अड्डों का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा अधिक सुलभ बन रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का उल्लेख किया, जिसमें आम लोगों को भी हवाई यात्रा का लाभ दिलाने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के माध्यम से किफायती हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मध्य प्रदेश में बढ़ रही एयर कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी कि वर्तमान में मध्य प्रदेश में 10 हवाई अड्डों से उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं और भविष्य में अन्य जिलों में भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। उन्होंने एयर एंबुलेंस सेवा का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गंभीर मरीजों को बड़े शहरों में बेहतर इलाज के लिए भेजा जा रहा है, जिसे आगे और विस्तारित किया जाएगा।

नई उड़ान सेवा पर भी शुभकामनाएं

इस अवसर पर रीवा-रायपुर नई विमान सेवा के शुभारंभ पर भी शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में खजुराहो एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह, सीआईएसएफ कमांडेंट काशो उर्वशी शाह सहित एयरपोर्ट के अधिकारी-कर्मचारी और सीआईएसएफ के जवान उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.