छत्तरपुर / मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान कुल 122 शिकायतों और आवेदनों पर सुनवाई की गई। प्रभारी कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई में शिक्षा, राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, ग्रामीण विकास, विद्युत मंडल, स्वास्थ्य, खाद्य, आदिम जाति, श्रम, सामाजिक न्याय तथा महिला एवं बाल
विकास विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। सभी आवेदनों का परीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विशेष रूप से दिव्यांगजनों की समस्याओं की अलग से सुनवाई की गई, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता
जनसुनवाई के दौरान एक मानवीय पहल भी देखने को मिली। ग्राम सौरा निवासी जयराम विश्वकर्मा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनकी पत्नी कृष्णा विश्वकर्मा को सोलेशियम फंड योजना के तहत 25 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया। यह राशि न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, सतना द्वारा जारी की गई।
प्रभारी कलेक्टर ने इस मौके पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
