बालाघाट। जिले में राजस्व वसूली अभियान अब तेज हो गया है। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर प्रशासन ने बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
राजस्व मद डायवर्सन एवं नजूल भूमि की बकाया राशि वसूलने के लिए 17 मार्च को की गई कार्रवाई में प्रशासन ने दो दुकानों को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार, बकायादार राकेश गुप्ता द्वारा 1,20,632 रुपये जमा नहीं करने पर उनके मद्रास केफे रेस्टोरेंट और कपड़े की दुकान को सील कर दिया गया।
इसी तरह 1,20,500 रुपये की डायवर्सन राशि जमा न करने पर मणि (पिता राकेश जैन) की घर के बाहर संचालित दुकान को भी प्रशासन ने सील कर दिया।
तहसीलदार सुनील वर्मा ने बताया कि जब टीम अन्य बकायादारों के यहां कुर्की की कार्रवाई के लिए पहुंची, तो कार्रवाई के डर से तीन बकायादारों ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर दी। इनसे कुल 2.41 लाख रुपये की वसूली की गई।
प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
