छिन्दवाड़ा। नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के निर्देशानुसार शहर के वार्ड क्रमांक 36, आदर्श नगर में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाकर मार्ग को पूर्णतः मुक्त कराया। जानकारी के अनुसार आदर्श नगर क्षेत्र में कुछ स्थानीय लोगों द्वारा सड़क के हिस्सों पर अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे मार्ग संकरा हो गया था और आए दिन यातायात बाधित हो रहा था। इस समस्या से परेशान वार्डवासियों द्वारा नगर निगम प्रशासन से शिकायत की गई थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध अवरोधों को हटाया और आवागमन को सुचारू बनाया। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर एवं उपयंत्री स्मिता इंदौरकर विशेष रूप से उपस्थित रहीं और पूरे अभियान की निगरानी की।
