जबलपुर / बरेला। भू-राजस्व की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्ती करते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर तहसीलदार बरेला द्वारा एक बिल्डर की कुकड़ीखेड़ा स्थित 2.0109 हेक्टेयर भूमि कुर्क करने का वारंट जारी किया गया है। राजस्व वसूली अभियान के तहत तहसीलदार बरेला शशांक दुबे ने मेसर्स स्क्वायरफीट डेवलपर के विनय बन्ने, सुलेख चौकसे और राजेंद्र कुमार को कई बार भू-राजस्व जमा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अनेक अवसर मिलने के बावजूद 11 लाख 92 हजार 818 रुपये की बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कुर्की वारंट जारी किया। साथ ही ग्राम कुकड़ीखेड़ा स्थित खसरा नंबर 20, 21, 22/2 एवं 23/2 की भूमि के विक्रय, दान या किसी भी प्रकार के हस्तांतरण पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई है। तहसीलदार शशांक दुबे ने बताया कि मांग पत्र जारी होने के बावजूद राशि जमा नहीं करने वाले अन्य बकायादारों के खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
