छतरपुर। शासकीय संदीपनि मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय छतरपुर एवं राजनगर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केजी-1, केजी-2 एवं कक्षा-1 में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने संबंधी सूचना जारी की गई है। इच्छुक अभिभावक 23 मार्च 2026 से विद्यालय से प्रवेश फॉर्म प्राप्त कर सकेंगे तथा भरे हुए आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों के साथ 31 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक जमा करना अनिवार्य होगा।
फॉर्म प्राप्त करते समय बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र दिखाना आवश्यक रहेगा। वहीं आवेदन जमा करते समय जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी तथा माता-पिता का आधार कार्ड संलग्न करना अनिवार्य किया गया है।
प्रवेश के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई है, जिसके अनुसार केजी-1 के लिए न्यूनतम 4 वर्ष एवं अधिकतम 5 वर्ष 6 माह, केजी-2 के लिए न्यूनतम 5 वर्ष एवं अधिकतम 6 वर्ष 6 माह तथा कक्षा-1 के लिए न्यूनतम 6 वर्ष एवं अधिकतम 7 वर्ष 6 माह आयु निर्धारित की गई है। केजी-1 एवं केजी-2 के लिए आयु की गणना 31 जुलाई 2026 तथा कक्षा-1 के लिए 30 सितंबर 2026 के अनुसार मान्य होगी।
प्रवेश में प्राथमिकता गत सत्र में समाहित शालाओं के निकट रहने वाले बच्चों को दी जाएगी, इसके बाद विद्यालय से एक किलोमीटर की परिधि में निवासरत बच्चों को प्राथमिकता मिलेगी। सीटें रिक्त रहने की स्थिति में अन्य आवेदकों को अवसर प्रदान किया जाएगा। यदि आवेदन संख्या अधिक होती है तो चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
चयनित विद्यार्थियों की सूची 6 अप्रैल 2026 को विद्यालय के सूचना पटल पर प्रदर्शित की जाएगी। किसी भी प्रकार की आपत्ति होने पर अभिभावक तीन दिवस के भीतर दोपहर 2 से 5 बजे के बीच दावा प्रस्तुत कर सकेंगे।
प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी तथा आमजन से अधिक से अधिक जानकारी प्रसारित करने की अपील की गई है।
