छतरपुर। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला शिक्षा केन्द्र की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्र. जिला शिक्षा अधिकारी अरुण शंकर पांडेय सहित बीईओ एवं बीआरसीसी उपस्थित रहे। आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के 1 अप्रैल से प्रारंभ होने के मद्देनजर शिक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
प्रभारी कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 1 अप्रैल को आयोजित प्रवेश उत्सव के दिन ही सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण अनिवार्य रूप से किया जाए। यदि किसी भी विद्यालय में उस दिन पुस्तक वितरण नहीं पाया गया तो संबंधित बीईओ एवं बीआरसीसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए 163 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही पुस्तक वितरण सुनिश्चित कराने के लिए जिला स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने 22 मार्च से 30 मार्च तक सभी ब्लॉकों में हाट-बाजारों के माध्यम से नए सत्र एवं प्रवेश उत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा तथा बीआरसीसी को दो दिन के भीतर हाट-बाजारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। प्रवेश उत्सव के दौरान बाल सभा, विशेष भोज एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
बैठक में छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी कलेक्टर ने शेष यूनिफॉर्म वितरण इसी माह पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रों की अपार आईडी बनाने के लिए विशेष कैम्प लगाने को कहा। अपार आईडी में खराब प्रगति पर लवकुशनगर, राजनगर एवं ईशानगर के बीआरसीसी तथा नौगांव, ईशानगर एवं बक्सवाहा के बीईओ को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी कलेक्टर ने शालाओं में मिड-डे मील के लिए उपयोग होने वाले किचन बर्तनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और खराब गुणवत्ता पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कक्षा 5वीं से 6वीं एवं 8वीं से 9वीं में प्रवेश के लिए अभिभावकों की शत-प्रतिशत सहमति दर्ज कराने को भी कहा गया।
मिशन अंकुर के अंतर्गत स्कूलों के नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा गया कि 100 से कम निरीक्षण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण, उनकी साफ-सफाई एवं रखरखाव की नियमित जांच के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए डी ग्रेड प्राप्त करने वाले बीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी प्रभारी कलेक्टर द्वारा दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्रों को सभी शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अपार आईडी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें तेजी लाई जाए।

