जिला पंचायत में सामान्य सभा की बैठक सम्पन्न
286 सड़कों के निर्माण को मंजूरी, 319 कि.मी. लंबाई का प्रस्ताव पारित
हर विधानसभा में एक वर्ष में 20 कि.मी. सड़क निर्माण का लक्ष्य
सोमवार को जिला पंचायत सभा कक्ष में सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती राजपूत, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित सदस्यगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री मजरा टोला सड़क योजना के अंतर्गत 286 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग 319 किलोमीटर बताई गई। योजना के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक वर्ष के भीतर लगभग 20 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 250 से 500 जनसंख्या वाले ग्रामों में प्रस्तावित 31 सड़कों (लगभग 50 कि.मी. से अधिक लंबाई) की जानकारी भी सदन के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसे अनुमोदन प्राप्त हुआ।
अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी
बैठक में वन विभाग, सहकारिता विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं विद्युत विभाग के जिला अधिकारियों की अनुपस्थिति पर अध्यक्ष ने अप्रसन्नता व्यक्त की। संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु सक्षम प्राधिकारी को पत्र लिखे जाने के निर्देश दिए गए।
महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान वृंदावन ग्रामों की कार्ययोजना, पशु विभाग की क्षीरधारा योजना एवं ग्रामीण विकास विभाग की जी.राम.जी. योजना के संबंध में सदस्यों को जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त 15वें वित्त आयोग वर्ष 2024-25 की कार्ययोजना अंतर्गत स्वीकृत 4.13 करोड़ रुपये के कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई, जो वर्तमान में प्रगतिरत हैं।
जिला पंचायत की इस बैठक में सड़कों के व्यापक निर्माण प्रस्ताव को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
