छतरपुर। जिला पंचायत सभाकक्ष में सोमवार को प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में आधार सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधार नामांकन और अद्यतन की प्रगति सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं में आधार के उपयोग की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रबंधक ई-गवर्नेंस राहुल तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि यूआईडीएआई दिल्ली के डीडीजी के नामांकित प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष आधार अपडेट कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों का आधार नामांकन और अद्यतन कराया जाए। साथ ही सभी आयु वर्ग के आधार धारकों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान यूआईडीएआई द्वारा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आधार सेवा केंद्रों की स्थापना, सीएससी ई-गवर्नेंस के माध्यम से आधार सेवाओं का संचालन, विभिन्न सरकारी योजनाओं में आधार के उपयोग तथा आधार नामांकन केंद्रों की गतिविधियों की निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि आधार केंद्रों से संबंधित सीआरएमएस एवं शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाए और ऑपरेटर तथा सुपरवाइजरों का नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। अन्य रजिस्ट्रारों के माध्यम से नए आधार केंद्र स्थापित करने, लोक सेवा केंद्रों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए नई आधार मशीनें लगाने तथा राज्य पोर्टल के माध्यम से 100 वर्ष से अधिक आयु के आधार धारकों के सत्यापन की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी कलेक्टर नमः शिवाय अरजरिया ने कहा कि आधार आज विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है, इसलिए इसका नामांकन, अद्यतन और उपयोग सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
