घुवारा। श्री गणेश प्रसाद वर्णी स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत ग्राम पनयां में आयोजित सात दिवसीय शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ। यह शिविर 7 मार्च से 13 मार्च तक आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई।
शिविर के अंतिम दिन क्षेत्रीय विधायिका रामसिया भारती मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान कई बौद्धिक गतिविधियां और क्रियाकलाप आयोजित किए गए, जिनमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामसिया भारती ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य छात्रों में सामुदायिक सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व और चरित्र का विकास करना है। उन्होंने कहा कि “स्वयं से पहले आप” के आदर्श वाक्य पर आधारित यह संस्था युवाओं को साक्षरता, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक कार्यों के प्रति प्रेरित करती है। साथ ही यह स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
इस अवसर पर ग्राम पनयां के सरपंच मोहम्मद सादिक अली ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य आर.के. श्रीवास्तव ने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में प्राध्यापक आर.जी. शुक्ला, एस.के. जैन, सुरेंद्र जैन, महाविद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष निर्मल जैन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आर.के. जैन द्वारा किया गया।
रिपोर्टर – राजाराम साहू
