भोपाल में छतरपुर की बेटियों का जलवा: विश्व उपभोक्ता दिवस पर तीन छात्राएं राज्य स्तर पर सम्मानित

भोपाल, 15 मार्च 2026। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कुशाभाउ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) भोपाल में किया गया। कार्यक्रम में छतरपुर जिले की तीन छात्राओं को निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत द्वारा सम्मानित किया गया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छतरपुर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। मंत्री द्वारा छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं अनुशंसित पुरस्कार राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई।
प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं की छात्रा खुशबू रैकवार ने पोस्टर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर 2000 रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की। वहीं तपस्या कुशवाहा ने निबंध प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर 4000 रुपये की राशि प्राप्त की। कक्षा 10वीं की छात्रा शुमि सेन ने निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 6000 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया।
कार्यक्रम में राज्य भर से आए विद्यार्थियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही। छतरपुर जिले की छात्राओं की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और इसे शिक्षा व जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.