संवाददाता – राजाराम साहू
घुवारा। तहसील क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब ग्राम पंचायत बम्होरीखुर्द के ग्राम छुल्ला में खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर खड़ी फसल पर गिर गया। तार गिरते ही शॉर्ट सर्किट से खेत में भीषण आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह परमार के खेत में अचानक बिजली का जर्जर तार टूटकर गिरा। गिरते ही चिंगारी से सूखी घास और फसल के अवशेषों में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए तत्काल मोर्चा संभाल लिया। गांव के युवा और बुजुर्ग पानी की बाल्टियां, रेत और पेड़ों की टहनियां लेकर खेतों की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग को चारों तरफ से घेर लिया, ताकि वह आसपास के खेतों तक न फैल सके।
इसी दौरान सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने पानी की बौछारों से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों और दमकल टीम के संयुक्त प्रयास से कुछ ही समय में आग पूरी तरह बुझा दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि बिजली का तार गिरना बेहद डरावना था, लेकिन सभी ने मिलकर हिम्मत नहीं हारी और आग को फैलने से रोक लिया।
यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो तेज हवाओं के कारण यह आग आसपास के खेतों और रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी, जिससे भारी जन-धन हानि होने की आशंका थी। ग्रामीणों की सजगता और साहस से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों के जज्बे और फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना हो रही है। वहीं, जर्जर बिजली लाइनों के रख-रखाव को लेकर बिजली विभाग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
