| अनुप्रिया राय |
मेहनत और लगन की जीत, अनुप्रिया बनी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति की हकदार
संवाददाता – राजाराम साहू
घुवारा। नगर के लिए गर्व का क्षण उस समय सामने आया जब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमनौरा की होनहार छात्रा अनुप्रिया राय ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति योजना (NMMS) सत्र 2025-26 की परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
अनुप्रिया, गजेन्द्र राय की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय सहित नगर में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति योजना के तहत परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसके हाल ही में घोषित परिणाम में अनुप्रिया का चयन हुआ है।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि वे आर्थिक बाधाओं के कारण अपनी शिक्षा बीच में न छोड़ें। योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिलता है।
अनुप्रिया की इस सफलता पर विद्यालय के शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य बसंत लाल प्रजापति ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी और वे भी मेहनत कर इसी तरह की परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए आगे आएंगे।
अनुप्रिया की इस शानदार उपलब्धि से बमनौरा विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने छात्रा को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
