जांच की निष्पक्षता बनाए रखने प्रशासन का बड़ा कदम
विनोद कुमार जैन, वकस्वाहा संवाददाता
वकस्वाहा। जिले के शिक्षा विभाग में सोमवार को उस समय हलचल मच गई, जब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दरगुवां में चल रही वित्तीय अनियमितताओं की जांच को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला सामने आया।
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, सागर संभाग के निर्देशों के पालन में प्रभारी प्राचार्य प्रार्थना अहिरवार को जारी वित्तीय जांच के बीच तत्काल प्रभाव से उनके पद से पृथक कर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जांच की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी ए.एस. पाण्डेय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य का दायित्व वरिष्ठता के आधार पर उच्च माध्यमिक शिक्षक नितिन कटारा को सौंपा गया है। यह प्रभार पूर्णतः अस्थायी रहेगा और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित विद्यालय में वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर विभागीय स्तर पर जांच लंबे समय से जारी है, जिससे शिक्षा विभाग में खलबली मची हुई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
