मध्यान्ह भोजन में संलग्न 3 स्वसहायता समूहों के अनुबंध निरस्त


जिला पंचायत सीईओ ने की कार्यवाही

छतरपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण अंतर्गत छतरपुर जिले में लक्षित विद्यालयों में शाला के छात्र-छात्राओं को शासन निर्देशानुसार परोसा जाने वाला मध्यान्ह भोजन की माॅनीटरिंग का दायित्व कलेक्टर छतरपुर द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों को सौंपा गया है।

आदेश के पालन में अधिकारियों के निरीक्षण में पाया गया कि कुछ शालाओं में शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू भोजन नहीं दिया जा रहा है एवं कुछ शालाओं के किचिन आदि में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं पाई गई। इस तरह की गंभीर लापरवाही वाली शालाओं को जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये थे, संबंधित शालाओं से स्पष्टीकरण प्राप्त न होने या स्पष्टीकरण संतोषप्रद न होने के कारण विकासखण्ड छतरपुर के शा.प्रा.शाला सलैया के मां विंध्यवासिनी स्वसहायता समूह, विकास विकासखण्ड राजनगर के शा.प्रा.शाला वंदरगढ के शक्ति महिला स्वसहायता समूह एवं विकासखण्ड बिजावर के शा.प्रा.शाला आदिवासी पुरवा गोपालपुरा के एकता स्वसहायता समूह का अनुबंध निरस्त करते हुए शाला में मध्यान्ह भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था शाला प्रबंधन समिति को सौंपी गई।

जिला पंचायत सीईओ द्वारा जिले की शालाओं में मध्यान्ह भोजन का कार्य कर रहे समूह संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता कहीं पाई जाती है तो स्वसहायता समूह के विरूद्ध अनुबंध निरस्त की कार्यवाही की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.