बालाघाट | मृत्युंजय घाट से शुरू हुआ जल गंगा संवर्धन अभियान, स्वच्छता के लिए हुआ श्रमदान

बालाघाट। सम्मपूर्ण ध्यप्रदेश में 19 मार्च से शुरू हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बालाघाट में इसका शुभारंभ मृत्युंजय घाट से किया गया। नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने श्रमदान कर घाट की साफ-सफाई की और जल संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, अपर कलेक्टर डी.पी. बर्मन, संयुक्त कलेक्टर राहुल नायक, एसडीएम गोपाल सोनी एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी डी. कतरोलिया सहित नगर पालिका के पार्षद, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मृत्युंजय घाट परिसर की सफाई कर जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

नगर पालिका परिषद द्वारा इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई और जागरूकता गतिविधियों का विस्तृत कैलेंडर भी जारी किया गया है। इसके अनुसार 23 मार्च को मोती तालाब, 31 मार्च को बजरंग घाट, 7 अप्रैल को शंकर घाट, 14 अप्रैल को देवी तालाब, 22 अप्रैल को जय हिंद टॉकीज मैदान परिसर स्थित कुएं, 2 मई को कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर कुएं, 12 मई को एमएलबी स्कूल परिसर कुएं, 26 मई को गंगा घाट, 01 जून को धोबी घाट और 15 जून को आमाघाट में स्वच्छता व जल संरक्षण से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

अभियान का समापन 30 जून को फिल्टर प्लांट की सफाई के साथ किया जाएगा। नगर पालिका परिषद बालाघाट ने इस जनहितकारी अभियान में आम नागरिकों से सक्रिय सहभागिता और सहयोग की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.