आयुष्मान योजना की जानकारी घर-घर पहुंचाने पहल, मुफ्त बुकलेट वितरण शुरू

बालाघाट – नगरपालिका बालाघाट में संचालित आयुष्मान सेवा केंद्र के माध्यम से आयुष्मान योजना से संबंधित जानकारी की पुस्तिका का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। हिंदी में उपलब्ध यह बुकलेट शेष पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान व आभा कार्ड बनवाने पर प्रदान की जा रही है।

आयुष्मान सेवा केंद्र प्रभारी राकेशवर्मा ताम्रकार ने बताया कि नगरीय क्षेत्र बालाघाट में लगभग 12 हजार शेष पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह सुविधा 31 मार्च 2026 तक प्रतिदिन उपलब्ध कराई जा रही है।

नगरपालिका बालाघाट में पात्र हितग्राही प्रतिदिन 8 से 10 आयुष्मान एवं आभा कार्ड का पंजीयन करवा रहे हैं। खास बात यह है कि अवकाश के दिनों में भी यह सेवा जारी रहेगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।

बुकलेट के माध्यम से हितग्राहियों को यह जानकारी मिल रही है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्डधारक बालाघाट, गोंदिया, नागपुर सहित अन्य स्थानों के किन-किन अस्पतालों में विभिन्न बीमारियों का उपचार प्राप्त कर सकते हैं।

आयुष्मान योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी हेल्पलाइन नंबर 14555 एवं 18002332085 पर 24 घंटे निःशुल्क प्राप्त की जा सकती है। योजना से जुड़ी संस्था का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंचे, जिससे जागरूकता बढ़े और पात्र हितग्राही अपने अधिकारों का लाभ आसानी से उठा सकें।

अब इस दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.