नई दिल्ली में 11 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले एक दिवसीय राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में छतरपुर जिले की तीन महिला सरपंचों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत ईशानगर की सरपंच निधि मिश्रा (बीकन लीडर), गोरा की सरपंच ज्योति मिश्रा और बरद्वाहा की सरपंच कविता यादव अपने कार्यों और अनुभवों को साझा करेंगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत बड़ामलहरा के सीईओ ईश्वर सिंह वर्मा भी सहभागिता करेंगे।
समारोह के दौरान महिला एवं बालिका हितैषी पंचायतों में हुए बदलाव और किए गए कार्यों पर आधारित शॉर्ट वीडियो भी प्रस्तुत की जाएगी। महिला सरपंच अपनी पंचायतों का प्रतिनिधित्व करते हुए महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों, चुनौतियों और अनुभवों को साझा करेंगी।
जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने कार्यक्रम में आमंत्रित सभी प्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले की 15 ग्राम पंचायतों को महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। इन पंचायतों को महिला और बालिका हितैषी बनाने के लिए पंचायती राज विभाग भारत सरकार, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मध्यप्रदेश, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) तथा यूएनएफपीए के संयुक्त तत्वावधान में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
डीपीएम आरजीएसए नीतेश उपाध्याय ने बताया कि इन ग्राम पंचायतों में महिला सरपंच नेतृत्व कर रही हैं और ग्राम स्तर पर महिलाओं और किशोरियों की आवश्यकताओं, अधिकारों और अवसरों को प्राथमिकता देने के साथ लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही स्थानीय शासन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महिला एवं बालिका हितैषी पंचायतों में शामिल ग्राम पंचायतें:
पिपट, झमटुली, कुटिया, पाय, गोरा, ईशानगर, सीगौन, थरा, तिलौंहा, कीरतपुरा, बनगाय, बरद्वाहा, ढड़ारी, कंदोहा और ओंटापुरवा।
