कमर्शियल गैस सिलेंडर पर सख्ती: अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को ही मिलेगा, दूसरा घरेलू सिलेंडर अब 25 दिन बाद

कलेक्ट्रेट में आईओसीएल और गैस डीलरों की बैठक, प्रशासन ने कहा—जिले में घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति पर्याप्त


छत्तरपुर / मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) द्वारा जिले के गैस डीलरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, डीएसओ सीताराम कोठारे तथा आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर बलराम गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता जिले में पर्याप्त है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैर घरेलू यानी कमर्शियल गैस सिलेंडर केवल आवश्यक कार्यस्थलों—जैसे अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों—को ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

आईओसीएल द्वारा जानकारी दी गई कि अब पहले घरेलू गैस सिलेंडर के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिनों के बजाय 25 दिनों के बाद ही दिया जाएगा। उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने के बाद ही मोबाइल के माध्यम से सिलेंडर बुक कर सकेंगे। इससे पहले बार-बार कॉल करने पर बुकिंग स्वीकार नहीं होगी।

प्रभारी कलेक्टर ने गैस डीलरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की ब्लैकमार्केटिंग, डायवर्शन या रिफिलिंग के लिए दुरुपयोग बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी गैस डीलरों को प्रतिदिन शाम को अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को भेजनी होगी।

आईओसीएल के सेल्स ऑफिसर ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे गैस सिलेंडरों का अनावश्यक स्टॉक न रखें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो और वितरण व्यवस्था भी प्रभावित न हो।

बैठक में यह भी बताया गया कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत वही मानी जाएगी जो सिलेंडर वितरण के दिन लागू होगी। यदि उपभोक्ता ने सिलेंडर की बुकिंग दर बढ़ने से पहले की है, तब भी डिलीवरी के समय लागू कीमत ही देनी होगी।

 संवाददाता किशोरी श्रीवास 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.