बिना रॉयल्टी गिट्टी ढो रहे दो हाईवा जब्त, खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई


बकस्वाहा। अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हाईवा ट्रकों को जब्त किया है। दोनों ट्रक इस्कॉन प्राइवेट लिमिटेड के क्रेशर से जुड़े बताए जा रहे हैं और इनमें बिना वैध दस्तावेजों के गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार सहायक खनिज अधिकारी ज्ञानेश्वर तिवारी ने अपनी टीम के साथ बकस्वाहा क्षेत्र में खनिज परिवहन की जांच के दौरान दो हाईवा ट्रकों को रोककर जांच की। जांच के दौरान ट्रक क्रमांक MP04 HE 5782 और MP04 HE 5778 में गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था, लेकिन वाहन चालकों के पास परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी पर्ची और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए।

दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया। बाद में दोनों हाईवा ट्रकों को थाना बकस्वाहा लाकर खड़ा कराया गया है।

खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।

सहायक खनिज अधिकारी ज्ञानेश्वर तिवारी ने बताया कि दोनों वाहनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वाहन मालिकों से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है और नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार बकस्वाहा क्षेत्र में कई क्रेशर और खदानों से खनिज परिवहन होता है। ऐसे में बिना रॉयल्टी और वैध अनुमति के खनिज परिवहन को रोकने के लिए समय-समय पर इस तरह की जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

संवाददाता: विनोद कुमार जैन, बकस्वाहा

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.