नगर पालिका की लापरवाही से बीमारी फैलने का खतरा, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
छतरपुर।
देशभर में स्वच्छता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन छतरपुर नगर में कई स्थानों पर गंदगी के ढेर इस अभियान की हकीकत बयां कर रहे हैं। शहर के वार्ड क्रमांक 33 में लंबे समय से सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर पालिका द्वारा प्रभावी सफाई व्यवस्था नहीं की जा रही है। गंदगी के कारण क्षेत्र में बदबू और अस्वच्छ वातावरण बना हुआ है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। नागरिकों के अनुसार यदि समय पर सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
इस मामले में नगर पालिका की सीएमओ माधुरी दीक्षित से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। शहर में कई स्थानों पर इसी तरह की स्थिति देखने को मिल रही है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
संवाददाता : किशोरी श्रीवास, छतरपुर
