माँ से छीने गए मासूम: 2 और 4 साल के बच्चों को जबरन ले जाने का आरोप, पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार


नरसिंहपुर। जिले की एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को जबरन छीनकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसके 2 और 4 साल के बच्चों को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरदस्ती अपने कब्जे में रख लिया है और उसे बच्चों से मिलने भी नहीं दिया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार ग्राम नेगुवा, तहसील गोटेगांव निवासी सुमिता वर्मन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान आवेदन देकर बताया कि उसका विवाह राहुल वर्मन निवासी ग्राम पारा, जिला जबलपुर के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति द्वारा शराब पीकर मारपीट और घरेलू हिंसा की जाती थी। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह जनवरी 2025 से अपने मायके में रह रही थी और उसके साथ उसके दोनों बच्चे आर्यन (4 वर्ष) और हर्षित (2 वर्ष) भी थे।

आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि 17 अगस्त 2025 को उसका पति राहुल वर्मन अपने पिता और अन्य लोगों के साथ उसके मायके ग्राम नेगुवा पहुंचा और हंगामा करते हुए दोनों मासूम बच्चों को उससे जबरन छीनकर ले गया। तब से बच्चे उसके कब्जे में हैं और मां को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है।

महिला का कहना है कि उसका पति पेशे से ड्राइवर है और अधिकतर समय घर से बाहर रहता है, ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर उसे गंभीर चिंता है। उसने यह भी बताया कि इस मामले में उसने पहले भी 20 अगस्त 2025 को वन स्टॉप सेंटर में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक बच्चों की सुपुर्दगी नहीं मिल सकी है।

पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, बच्चों को अवैध अभिरक्षा से मुक्त कराकर उसे सौंपने और अपनी व बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कार्रवाई करता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.