सिलेंडर धमाके से दहला राजनगर, पलभर में मलबे में बदला मजदूर का घर


छतरपुर। छतरपुर जिले के राजनगर नगर परिषद क्षेत्र में गैस सिलेंडर विस्फोट से एक घर पूरी तरह धराशायी हो गया। घटना वार्ड क्रमांक 14 रानीपुरा की है, जहां निवासी राजन कोरी के घर में अचानक गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में पूरा मकान मलबे के ढेर में बदल गया।
राजन कोरी 


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि घर का पक्का लेंटर भरभराकर गिर गया और दीवारें ढह गईं। धमाके के असर से लोहे का मुख्य गेट तक उखड़कर दूर जा गिरा। अचानक हुए विस्फोट से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सुनीता कोरी 


गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य घर से कुछ दूरी पर थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि विस्फोट में घर की छत, दीवारें और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता है और कई वर्षों की मेहनत के बाद चार-पांच साल पहले यह मकान बनाया था। सिलेंडर विस्फोट ने परिवार की वर्षों की मेहनत को पलभर में मलबे में बदल दिया।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे फिर से अपने लिए रहने की व्यवस्था कर सकें।

 जिला संवाददाता: किशोरी श्रीवास
लोकेशन: छतरपुर (मध्य प्रदेश)

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.