झोपड़ी की मरम्मत के नाम पर 15 हजार की रिश्वत लेते सरपंच गिरफ्तार, EOW ने बस स्टैंड के पास रंगे हाथों पकड़ा
सिवनी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम छिड़िया पलारी पंचायत के सरपंच रामगोपाल डेहरिया को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोमवार शाम बस स्टैंड के पास की गई।
जानकारी के अनुसार छिड़िया पलारी गांव के निवासी शिवचरण नागवंशी पिछले चार–पांच वर्षों से गांव में एक छोटी झोपड़ी (टपरिया) बनाकर रह रहे हैं। उन्होंने अपनी झोपड़ी की मरम्मत के लिए ग्राम पंचायत से मदद मांगी थी। आरोप है कि सरपंच रामगोपाल डेहरिया ने इस कार्य में सहायता करने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
बताया गया कि सरपंच की मांग से परेशान होकर शिवचरण नागवंशी ने 2 मार्च को जबलपुर स्थित आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई। EOW ने शिकायत की जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद टीम ने सरपंच को रंगे हाथों पकड़ने के लिए योजना बनाई।
योजना के तहत सोमवार शाम करीब 4 बजे शिकायतकर्ता ने बस स्टैंड के पास सरपंच को 15 हजार रुपये दिए। जैसे ही सरपंच ने पैसे लिए, पहले से घात लगाए बैठी EOW की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
EOW अधिकारियों ने आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
