बमनोरा मारपीट: आंख में गंभीर चोट, पुलिस पर घूस के आरोप


बमनोरा में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, आंख फोड़ने तक पहुंची मारपीट — थाने में 20 हजार घूस लेने के आरोप से मचा हड़कंप

रिपोर्टर राजाराम साहू

घुवारा/ बड़ामलहरा पुलिस अनुभाग के बमनोरा में आपसी विवाद के चलते लात-घूसों से मारपीट की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद फरयादी लखन पिता मनका अहिरवार निवासी बमनोरा पर आरोपित जग्गा अहिरवार एवं करिया अहिरवार द्वारा जमकर लात-घूसों से मारपीट कर दी गई। मारपीट इतनी बढ़ गई कि फरयादी की आंख में गंभीर चोट आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अचानक हमला कर दिया, जिससे हाथ-पांव सहित आंख में चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

फरयादी लखन अहिरवार ने बताया कि वह पड़ोस में भरत अहिरवार की दुकान पर सामान लेने गया था, तभी आरोपी जग्गा अहिरवार एवं करिया अहिरवार वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने लात-घूसों से मारपीट की, जिससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई।

घटना के बाद जब फरयादी ने बमनोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, तो थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पर 20 हजार रुपये लेने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फरयादी का कहना है कि पैसे लेने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि उसे और उसके परिजनों को डांट-फटकार कर थाने से भगा दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351, 3/5 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.