काली मंदिर मामला: 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार


काली मंदिर के पास अवशेष फेंककर माहौल बिगाड़ने की साजिश नाकाम, 10 हजार का इनामी आरोपी 5 दिन में गिरफ्तार

भोपाल।
थाना तलैया क्षेत्र में काली मंदिर के पास रोड पर मृत पशु के अवशेष फेंककर धार्मिक भावनाएं आहत करने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने महज 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

घटना 23 मार्च 2026 की है, जब फरियादी भानू हिन्दू उर्फ शुभम आर्य की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की और जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के 400 से 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और करीब 35-40 डेरी संचालकों सहित 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि जहागीराबाद क्षेत्र निवासी सुनील यादव उर्फ नन्दू की भैंस के बच्चे की हाल ही में मौत हुई थी।

पूछताछ में सामने आया कि मृत भैंस के बच्चे की खाल से बटुआ बनाने के बाद बचे हुए अवशेष को फुलसिंह चौधरी नामक व्यक्ति को दे दिया गया था। आरोपी फुलसिंह चौधरी ने अवशेष को प्लास्टिक की बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से ले जाकर काली मंदिर पुल के पास सड़क किनारे फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छुरी, रस्सी और मोटरसाइकिल जब्त की गई।

इस कार्रवाई में थाना तलैया पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने संवेदनशील मामले में तत्परता दिखाते हुए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश को समय रहते विफल कर दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.