टीईटी पर सियासत तेज: गोटेगांव विधायक का बड़ा दांव, शिक्षकों के लिए पुनर्विचार याचिका की मांग!

टीईटी को लेकर मप्र शिक्षक संघ की मांग पर विधायक गोटेगांव ने लिखा पत्र

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री व मप्र के स्कूल शिक्षा मंत्री से पुनर्विचार याचिका का आग्रह

नरसिंहपुर।
मप्र शिक्षक संघ नरसिंहपुर की मांग पर गोटेगांव विधायक महेंद्र सिंह नागेश ने टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) को लेकर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह को पत्र लिखकर सहानुभूतिपूर्ण विचार करने का आग्रह किया है। विधायक ने अपने पत्र में शिक्षकों को परीक्षा की चिंता से मुक्ति दिलाने के लिए हस्तक्षेप की मांग की है।

विधायक महेंद्र नागेश ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 1 सितम्बर 2025 को पारित निर्णय के अनुसार अनिवार्य शिक्षा अधिनियम 2009 के अंतर्गत ऐसे शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है, जिन्होंने अभी तक परीक्षा पास नहीं की है।

मप्र शिक्षक संघ नरसिंहपुर के जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश त्यागी ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा आदेश जारी कर वर्ष 1995 से 2011 के बीच नियुक्त उन शिक्षकों को, जिन्होंने टीईटी उत्तीर्ण नहीं की है, जुलाई एवं अगस्त में परीक्षा देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक, जो पिछले 20 से 30 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं, उनकी नियुक्ति तत्कालीन नियमों के अनुसार हुई थी। वर्तमान में उन्हें पुनः टीईटी देना न केवल व्यवहारिक रूप से कठिन है, बल्कि उनके अनुभव और सेवाओं के साथ अन्याय भी प्रतीत होता है।

पत्र के माध्यम से यह भी अनुरोध किया गया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध पुनर्विचार याचिका दायर कर प्रभावित शिक्षकों को राहत प्रदान की जाए।

मप्र शिक्षक संघ नरसिंहपुर के जिला, ब्लॉक, नगर एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं—कीर्तिनिधि दुबे, गुलाब साहू, बलराज ठाकुर, चंद्रप्रकाश दुबे सहित अन्य सदस्यों ने विधायक महेंद्र नागेश के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही अपेक्षा जताई है कि आगे भी शिक्षकों के हितों की पूर्ति तक वे उचित मंचों पर प्रयास जारी रखेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.