बालाघाट। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। खनिज विभाग की टीम ने ग्राम बटरमारा स्थित बैनगंगा नदी के घाट पर छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया है।
खनिज विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि बैनगंगा नदी के तटों से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर शासन को राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा है। सूचना के आधार पर खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम बटरमारा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नदी के बीचों-बीच बिना नंबर का महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर रेत भरते हुए पकड़ा गया।
मौके पर वाहन चालक सोनू सहारे पिता सूरजलाल सहारे निवासी ग्राम पीपरझरी, तहसील किरनापुर को पकड़ा गया। वाहन के पास रेत उत्खनन या परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर खनिज अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जब्त ट्रैक्टर को हट्टा थाने की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
कार्रवाई में खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल, होमगार्ड सैनिक परसराम कोकाटे तथा वाहन चालक मोनू शामिल रहे। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
खनिज निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल ने कहा कि नदियों के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ और अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले के अन्य संवेदनशील घाटों पर भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
