बालाघाट जिले के किरनापुर में होली के पहले खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय नजर आ रहा है। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और डेयरी उत्पादों में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है।
कलेक्टर बालाघाट और अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई कर रही है, ताकि आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
इसी अभियान के तहत किरनापुर क्षेत्र के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड किरनापुर स्थित रामदेव बीकानेर मिष्ठान भंडार, विश्वकर्मा होटल, विश्वकर्मा फास्ट फूड, तारन होटल तथा कावरे चौक स्थित यश होटल और टिन्कू मिष्ठान की जांच की गई। यहां से खोवा, पेड़ा, मलाई बर्फी, कलाकंद, मिल्क केक, पनीर, दही और जलेबी जैसे खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अस्वच्छता और अनियमितताएं भी सामने आईं। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत विश्वकर्मा होटल, यश होटल और टिन्कू मिष्ठान को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। साथ ही संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों का निर्माण एवं विक्रय करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वाजिद मोहीब, योगेश डोंगरे, गीता टांडेकर तथा नायब तहसीलदार किरनापुर बबिता सूर्या मौजूद रहीं। अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
