सड़क निर्माण में लापरवाही पर एसडीएम सख्त, इंजीनियर और ठेकेदार को लगाई फटकार
बालाघाट। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैहर अर्पित गुप्ता ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान बैहर से सालेटेकरी मार्ग (एसएच-48) पर चल रहे सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम दमोह में लगभग 750 मीटर लंबाई की सीसी रोड का कार्य लंबे समय से प्रारंभ नहीं होने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
बताया गया कि पूर्व में कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया था। इस पर एसडीएम ने मौके पर उपस्थित मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के जिला प्रबंधक मुकेश बेले और संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए कार्य में लापरवाही पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने निर्माण कार्य पूर्ण करने में लगभग 25 दिन का समय लगने की बात कही। इस पर एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीसी रोड निर्माण का कार्य निर्धारित 25 दिनों की समय-सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय अवधि में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन) एवं प्रभारी तहसीलदार बिरसा आदित्य नारायण तिवारी भी मौजूद रहे।
