खैरलांजी क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह ने अचानक माहौल गरमा दिया। जैसे ही यह खबर व्हाट्सएप के माध्यम से फैली, बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने वाहनों के साथ-साथ डिब्बे और बोतलें लेकर पेट्रोल पंप की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते पंप पर हजारों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर खैरलांजी पुलिस पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाइश देते हुए बताया कि ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है और अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए, जिससे हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें।
