इंदौर, 26 मार्च 2026
इंदौर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर जिला प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी अस्पताल की CT स्कैन एवं सोनोग्राफी मशीन को सील कर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने जानकारी देते हुए बताया कि दयाल बाग कॉलोनी, खंडवा रोड स्थित इंदौर ट्रामा सेंटर प्रायवेट लिमिटेड का निरीक्षण टीम गठित कर कराया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अस्पताल में पांच से अधिक अपंजीकृत चिकित्सक सोनोग्राफी/ईको से संबंधित कार्य कर रहे थे। साथ ही एक CT स्कैन मशीन भी संचालित पाई गई, जो अपंजीकृत थी।
निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शिवम वर्मा के निर्देशानुसार 26 मार्च 2026 को जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निर्मला अखंड के साथ PCPNDT दल को मौके पर भेजा गया। टीम ने अस्पताल में मौजूद सोनोग्राफी और CT स्कैन मशीन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही PCPNDT प्रमाण पत्र के नवीनीकरण पर भी रोक लगा दी गई और पंचनामा तैयार कर कार्रवाई पूर्ण की गई।
कलेक्टर वर्मा ने सभी अपंजीकृत चिकित्सकों—डॉ. सुयश सक्सेना, डॉ. शैलेन्द्र पटेल, डॉ. राजेश करंजिया, डॉ. रावेश गुर्जर, डॉ. प्राची बाथम सहित अन्य के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
