तेंदूखेड़ा में 27 वर्षीय महिला की करंट से मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

मृतका (रंजना पाली)


जामुनपानी की घटना, मोटर बंद करने के दौरान हादसा या साजिश? पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच


तेंदूखेड़ा (जिला नरसिंहपुर), मध्य प्रदेश।
तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम जामुनपानी में 27 वर्षीय रंजना पाली की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजना पाली पति प्रदीपपाली बिजली से चल रही पानी की मोटर को बंद करने गई थीं। बताया जा रहा है कि मोटर की डोरी निकालते समय एक डोरी निकल गई, जबकि दूसरी डोरी फंसी रह गई। निकली हुई डोरी में कट होने के कारण करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे उनका हाथ डोरी से चिपक गया। घटनास्थल पर बांस की लकड़ी भी हाथ में चिपकी पाई गई।

परिजनों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस वाहन से रंजना पाली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल ऑफिसर डॉ. दामोदर जाटव द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थाना प्रभारी बी.एल. त्यागी ने बताया कि जामुनपानी निवासी रंजना पाली (उम्र 27 वर्ष) की करंट लगने से मृत्यु हुई है। मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के मायके पक्ष से भाई रामकुमार पाली एवं चाचा लाल जी पाली ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को करंट लगाकर मारा गया है। मृतका की दादी और चाची ने भी इसी प्रकार की आशंका व्यक्त की है।

वहीं मृतका के पति प्रदीप पाली एवं दादा रामनारायण पाली का कहना है कि रंजना मोटर बंद करने गई थीं और डोरी में करंट होने से यह हादसा हुआ है। उन्होंने हत्या के आरोपों से इनकार किया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.