तेंदूखेड़ा | जिला नरसिंहपुर
तेंदूखेड़ा में नेशनल हाईवे-45 पर खुलेआम मीट-मांस की बिक्री की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। “पहला शब्द” में खबर प्रसारित होते ही नगर परिषद और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान हाईवे किनारे संचालित हो रहे अस्थायी मीट बाजार को हटाया गया। टीम ने अवैध रूप से बेचे जा रहे मटन, मुर्गा, कांटा सहित अन्य सामग्री जप्त की। साथ ही विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे नगर परिषद द्वारा निर्धारित मीट मार्केट में ही अपना व्यापार संचालित करें।
नगर परिषद अध्यक्ष पं. विष्णु शर्मा ने बताया कि मामला खबर के माध्यम से संज्ञान में आया। सूचना मिलते ही कार्रवाई के निर्देश दिए गए और नगरपालिका व पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर अवैध बिक्री पर रोक लगाई गई। उन्होंने कहा कि आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नगर परिषद द्वारा बनाए गए व्यवस्थित मीट मार्केट के अतिरिक्त किसी भी स्थान पर खुले में मांस बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पहला शब्द की खबर के बाद हुई इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन अब इस मामले में सख्त रुख अपनाने के मूड में है।
पत्रकार: रूपनारायण मेहरा, तेंदूखेड़ा
