मण्डला। जिले में अवैध निर्माण कार्यों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश और एसडीएम मण्डला सोनल सिडाम के मार्गदर्शन में मंगलवार को तहसील कार्यालय के समीप नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्य पर संयुक्त कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय के सामने गीता राय, निशा जायसवाल और गीत जायसवाल द्वारा भवन निर्माण का कार्य किया जा रहा था। जांच के दौरान प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई कि संबंधित पक्षों द्वारा स्वीकृत नक्शे और अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से बेसमेंट का निर्माण किया जा रहा है।
शिकायत की पुष्टि होने पर नायब तहसीलदार राम सिंह उलाड़ी के नेतृत्व में राजस्व विभाग और नगरपालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची। जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमों के विरुद्ध हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
प्रशासन ने मौके पर मौजूद निर्माण सामग्री को भी नगरपालिका और राजस्व विभाग की टीम द्वारा संयुक्त रूप से जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरआई, नगरपालिका अमला और राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
