रेबीज मुक्त होगा नरसिंहपुर: 27-28 फरवरी को सभी पालतू और आवारा डॉग्स का निःशुल्क टीकाकरण अभियान


नरसिंहपुर | 26 फरवरी 2026

नगरपालिका नरसिंहपुर और पशुपालन विभाग ने शहरवासियों की सुरक्षा और पशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल शुरू की है। रेबीज के बढ़ते खतरे को देखते हुए शहर के सभी वार्डों में पालतू एवं आवारा स्वानों (कुत्तों) के लिए निःशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।

27 और 28 फरवरी को प्रथम चरण

पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी (VEO) नरसिंहपुर डॉ. संजय मांझी ने बताया कि महा-टीकाकरण अभियान का प्रथम चरण 27 और 28 फरवरी 2026 को आयोजित होगा। टीकाकरण प्रतिदिन सुबह 10 बजे से प्रारंभ किया जाएगा।

संयुक्त टीम करेगी अभियान का संचालन

अभियान को सफल बनाने के लिए नगरपालिका और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है। इसमें नरसिंहपुर, गोटेगांव और करेली विकासखंड के अनुभवी पशु चिकित्सक एवं सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी शामिल रहेंगे।
नगरपालिका द्वारा पकड़े गए निराश्रित स्वानों को भी सुरक्षित रूप से वैक्सीन लगाई जाएगी।

विशेष व्यवस्था – इतवारा बाजार पॉलीक्लीनिक

शहर के पालतू एवं आवारा स्वानों के लिए इतवारा बाजार स्थित पॉलीक्लीनिक पशु चिकित्सालय में भी निःशुल्क वैक्सीन की विशेष व्यवस्था की गई है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन एवं पशुपालन विभाग ने शहर के पशुपालकों और डॉग प्रेमियों से अपील की है कि वे अपने पालतू डॉग्स को शिविर में लाकर अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं।
रेबीज एक जानलेवा बीमारी है और इसका एकमात्र प्रभावी बचाव समय पर टीकाकरण ही है।

नरसिंहपुर को रेबीज मुक्त बनाने के इस अभियान में सहभागिता कर शहर को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने में सहयोग दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.