महाशिवरात्रि पर महामृत्युंजय शिव मंदिर बोरगांव में भक्ति का सैलाब


बोरगांव। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम बोरगांव स्थित महामृत्युंजय शिव मंदिर में पर्व अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग का विधि-विधान से रुद्राभिषेक, अभिषेक, पूजन एवं आरती की गई।
पूरे दिन मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

रात्रि में भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आदर्श भजन मंडल एवं मुक्ताबाई भजन मंडल द्वारा शिव भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दी गईं। मनमोहक भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।
महामृत्युंजय मंदिर समिति द्वारा कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन किया गया। समिति सदस्यों ने समस्त ग्रामवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की प्रार्थना भगवान भोलेनाथ से की। आयोजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.