होटल-ढाबों पर आबकारी विभाग की दबिश


देशी-विदेशी मदिरा बरामद, दो संचालकों पर प्रकरण दर्ज

परासिया | संवाददाता

कलेक्टर हरेंद्र नारायण के निर्देश पर आबकारी विभाग ने होटल-ढाबों में अवैध रूप से मदिरा पिलाने एवं विक्रय की शिकायतों के मद्देनज़र विशेष जांच अभियान चलाया। कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी परासिया शुभम कुमार यादव एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी. आर. वैद्य के मार्गदर्शन में की गई।

वृत्त परासिया प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने पिपरिया रोड भीमसेन स्थित महाराणा ढाबा एवं संस्कार फैमिली ढाबा सहित विभिन्न जलपान गृह, होटल और ढाबों की जांच की। जांच के दौरान दोनों ढाबों में ग्राहकों को मदिरा पिलाते पाए जाने की बात विभागीय टीम ने दर्ज की।

कार्रवाई के दौरान संचालकों के पास से कुल 1.44 बल्क लीटर देशी मदिरा तथा 1.32 बल्क लीटर विदेशी मदिरा बरामद कर जब्त की गई। वहीं चाय पॉइंट की जांच में किसी भी प्रकार की मदिरा बरामद नहीं हुई।

जब्त सामग्री के आधार पर संबंधित ढाबा संचालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा विक्रय एवं होटल-ढाबों में अनधिकृत रूप से मदिरा पान कराने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

दबिश कार्रवाई में प्रभारी अधिकारी आबकारी उप निरीक्षक जीत सिंह धुर्वे सहित समस्त आबकारी आरक्षक उपस्थित रहे।

आबकारी विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रचलन में है। संबंधित पक्षों की ओर से प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.