फर्जी लाइसेंस बनाकर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाकर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बालाघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बालाघाट | 24 फरवरी 2026

थाना कोतवाली बालाघाट पुलिस ने फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाकर लोगों से धनराशि लेकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक विशाल बिसेन, निवासी ग्राम गर्रा ने लिखित शिकायत प्रस्तुत कर बताया कि रूपेश पटले नामक व्यक्ति द्वारा लोगों से पैसे लेकर फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस तैयार किए जा रहे हैं।

जांच में हुआ खुलासा

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवेदक सहित अन्य पीड़ितों के बयान दर्ज किए। साथ ही, संबंधित व्यक्तियों से प्राप्त ड्राइविंग लाइसेंसों को जिला परिवहन कार्यालय, बालाघाट से सत्यापन हेतु भेजा गया।

जांच के दौरान संकलित साक्ष्यों, दस्तावेजों के परीक्षण और कथनों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी द्वारा अवैध रूप से फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कर संबंधित व्यक्तियों से धनराशि प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई है।

मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

उक्त तथ्यों के आधार पर थाना कोतवाली में
अपराध क्रमांक – 103/2026
धारा – 318(4) भारतीय न्याय संहिता

के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

आरोपी रूपेश पटले (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम कंजई थाना लालबर्रा को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


पुलिस की अपील

बालाघाट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य शासकीय दस्तावेज केवल अधिकृत शासकीय कार्यालय से निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से ही प्राप्त करें। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल को धनराशि देने से बचें।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक कामेश धूमकेती, उप निरीक्षक संजय किरार, उप निरीक्षक सतेन्द्र भदौरिया, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र माटे, प्रधान आरक्षक युगलकिशोर पटले, आरक्षक कमल यदुवंशी एवं आरक्षक रविशंकर की उल्लेखनीय भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.